फरीदाबाद। महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी की तरफ से एक वर्ष बाद फरीदाबाद जोन का जोन यूथ फेस्टिवल का आयोजन 14 से 16 दिसंबर तक सेक्टर 16ए स्थित नेहरू कॉलेज में आयोजित किया जाएगा। इसे सफल बनाने के लिए सोमवार को नेहरू कॉलेज में पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें पहली बार लोकगीत को भी इसमें शामिल किया गया है।
जिसमें एमडी यूनिवर्सिटी के यूथ वेलफेयर डिपार्टमेंट के शमशेर सिंह अहलावत, केएल भाटिया, कॉलेज के प्रचार्य डॉ एमके गुप्ता, जोनल यूथ फेस्टिवल के सेक्रेटरी डॉ. भूपेंद्र सिंह के अलावा पलवल, फरीदाबाद व झज्जर से 26 कॉलेजों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। इस मौके पर एक फेस्टिवल बुकलेट भी लांच की गई। कोरोना काल के चलते वर्ष 2020 में यूथ फेस्टिवल का आयोजन नहीं किया गया था। इससे पहले 2019 में किया गया था। कोरोना के प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए दोबारा यूथ फेस्टिवल आयोजित किया जा रहा है। इस बार फरीदाबाद को अलग जोन बना दिया गया है, जबकि पहले फरीदाबाद गुड़गांव जोन में आता था। इस फेस्टिवल में तीनों जिलों से लगभग 30 से अधिक कॉलेजों से एक हजार से अधिक छात्र हिस्सा लेंगे।