संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। धौज थाना एरिया स्थित सिरोही झील में डूबने से 20 साल के युवक की मौत हो गई। थाना धौज पुलिस ने शव को बीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बसंत गांव दिल्ली निवासी 20 वर्षीय अभिषेक अपने चार दोस्तों के साथ मंगलवार की शाम को थाना धौज एरिया में स्थित सिरोही झील पर घूमने के लिए आया था। अन्य तीन दोस्त झील के पास बैठे हुए थे, लेकिन अभिषेक शाम को चार बजे के करीब नहाने के लिए अंदर चला गया। दोस्तों ने पुलिस को बताया कि अभिषेक जैसे ही अंदर गया, उसका पैर फिसल गया और वह डूबने लगा। दोस्तों ने उसको बचाने की कोशिश की, लेकिन वह बचा नहीं पाए। काफी मशक्कत के बाद अभिषेक को बाहर निकाला गया। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसको उपचार के लिए अल फलाह मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल का कहना है कि इस घटना की सूचना अभिषेक के परिजनों को दे दी गई।