क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने और बद्रीनाथ यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर बुकिंग के नाम पर की गई ठगी
साइबर क्राइम थाना पुलिस ने दोनों मामलों में दर्ज की एफआईआर
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। साइबर ठगों ने जिले के अलग-अलग इलाके में रहने वाले 2 लोगों से 1.34 लाख रुपये ठग लिए। ठगों ने क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने और बद्रीनाथ व केदारनाथ यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर बुकिंग के नाम पर ये ठगी की। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामलों में जांच शुरू की है।
पहले मामले में साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस को शिकायत जवाहर कॉलोनी इलाके के रहने वाले इरशाद खान ने दी है। इनका आरोप है कि 12 मार्च को एक नंबर से इन्हें कॉल आई। कॉल करने वाले ने इंडसइंड बैंक का कर्मचारी बनकर बात की। आरोपी ने कहा कि आपके एक्सिस बैंक की डिटेल मुहैया करा देंगे तो आपके इंडसइंड बैंक क्रेडिट कार्ड की लिमिट उससे दोगुनी कर देंगे। आरोपी ने व्हाट्सएप पर लिंक भेजा और एप डाउनलोड करने को कहा। एप खोलकर उसमें कार्ड की डिटेल डालने के बाद शिकायतकर्ता रोजा खोलने के समय मस्जिद चला गया। वापस लौटकर देखा तो मोबाइल हैक हो चुका था। कुल 99304 रुपये की ठगी का आरोप लगाया गया है।
दूसरे मामले में साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस को शिकायत एनआईटी इलाके के रहने वाले संदीप ने दी है। इनका आरोप है कि केदारनाथ और बद्रीनाथ जाने का प्रोग्राम बना रहे थे। फेसबुक पर एक विज्ञापन देखकर लिंक पर क्लिक किया तो व्हाट्सएप मैसेज पर बात होने लगी। हेलीकाॅप्टर बुकिंग के लिए बात हुई तो आरोपी ने 25 प्रतिशत पेमेंट यानि 8842 रुपये एडवांस भेजने को कहा। रुपये भेजने के 1 घंटे बाद आरोपी ने मैसेज कर कहा कि टिकट कंफर्म हो गई है और बाकी 4 लोगों की 75 प्रतिशत पेमेंट यानि 26526 रुपये भी ट्रांसफर कर दिए गए। आरोपी ने पवन हंस कंपनी की टिकट भेज दी। आरोप है कि एक दिन बाद फिर से आरोपियों ने 6 हजार रुपये प्रति सवारी के हिसाब से इंश्योरेंस के नाम पर पेमेंट करने को कहा। बाद में टिकट चेक की तो पाया कि वो फर्जी थी। साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई गई। कुल 35368 रुपये की ठगी का आरोप लगाया गया है।