बल्लभगढ़। सेक्टर-8 पुलिस चौकी क्षेत्र के प्रेमनगर सेक्टर-4 में छत पर सो रहे युवक पर उसके चाचा ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसे करीब दो दिन बाद होश आया। युवक ने पुलिस को शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
प्रेमनगर सेक्टर-4 निवासी वरुण ने बताया कि 28 अगस्त की रात वह छत पर सो रहा था। शिकायत के अनुसार, इससे पहले उसके चाचा ध्यान सिंह ने उसे लाठी से मारा था। वरुण का आरोप है कि उसके चाचा ने उसे किसी काम के लिए कहा था लेकिन उसने मना कर दिया। इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हुई और चाचा ने उसके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। वरुण ने इसका विरोध किया और बाद में जाकर छत पर सो गया। देर रात अचानक उसका चाचा छत पर आया और उस पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। संवाद