बायोडाटा भेजने के बाद अलग-अलग नंबरों से किया संपर्क
घर पहुंचकर परिवार को धमकाने का भी आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। इंस्टाग्राम पर नौकरी का विज्ञापन देखकर संपर्क करना बल्लभगढ़ निवासी युवती के लिए परेशानी का कारण बन गया। युवती ने आरोप लगाया कि नौकरी के लिए ऑनलाइन बायोडाटा भेजने के बाद एक व्यक्ति ने व्हाट्सएप पर उसे आपत्तिजनक और अश्लील संदेश भेजने शुरू कर दिए।
विरोध करने पर आरोपी ने अलग-अलग मोबाइल नंबरों से संपर्क किया और पुलिस में शिकायत करने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। शिकायत के अनुसार, युवती ने कुछ दिन पहले इंस्टाग्राम के ‘फरीदाबाद इन’ पेज पर नौकरी का विज्ञापन देखा था। चार अक्तूबर की रात करीब 12 से एक बजे के बीच उसे व्हाट्सएप पर संदेश भेजकर बाहर घूमने चलने के लिए कहा गया। युवती ने विरोध करते हुए नंबर ब्लॉक कर दिया। आरोप है कि इसके बाद दूसरे नंबरों से संदेश भेजे गए और अश्लील गालियां व धमकियां दी गईं।
युवती ने बताया कि उसने घटना अपने पिता को बताई। पिता द्वारा फोन पर समझाने के अगले दिन दो युवक उसके घर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने पुलिस में शिकायत करने पर परिवार के खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कराने और परिवार के सदस्य को जान से मारने की धमकी दी। परिचित अधिवक्ता के पहुंचने के बाद दोनों युवक वहां से चले गए। शहर थाना प्रभारी उमेश कुमार ने बताया कि शिकायत मिली है। बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।