नशा मुक्ति केंद्र में नौ महीने में 360 मरीज पहुंचे, 101 को करना पड़ा भर्ती
रेनू कुमारी
गुरुग्राम। मानसिक तनाव और गलत संगत के कारण युवा तेजी से नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं। सेक्टर-31 स्थित नशा मुक्ति केंद्र ऐसे लोगों और परिवार वालों के लिए राहत बन रहा हैं। यहां हर महीने बड़ी संख्या में लोग इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। यह सुविधा सरकार की ओर से मुफ्त है।
इस केंद्र में वर्ष 2025 में ओपीडी में 609 मरीज पहुंचे थे, जबकि 116 मरीजों को भर्ती किया गया था। वहीं, वर्ष 2026 में जनवरी से सितंबर तक ओपीडी में 360 मरीज पहुंचे और 101 मरीजों को आईपीडी में भर्ती करना पड़ा। इस साल के नौ महीनों में ही भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या पिछले साल के पूरे साल के आंकड़े के करीब पहुंच गई है। केंद्र में ज्यादातर मरीज 20 से 40 साल की आयु वर्ग के शामिल हैं। नशे की लत छुड़ाने के लिए कई मरीजों को अस्पताल में भर्ती करने की भी जरूरत पड़ रही है। डॉक्टरों के अनुसार, कई लोग तनाव से बचने या दोस्तों के दबाव में नशे की शुरुआत करते हैं। शुरुआत में इसे शौक समझते हैं लेकिन धीरे-धीरे इसकी निर्भरता बढ़ने लगती है और फिर रोजाना या दिन में कई बार न नशा करने लगते हैं।
सेक्टर-31 स्थित पॉलीक्लिनिक के नैदानिक मनोविज्ञानी डॉ सचिन खटाना ने बताया कि तनाव होने पर नशे का सहारा लेने के बजाय परिवार के सदस्यों से बात करें। गलत संगत से दूरी बनाएं और मानसिक परेशानी होने पर परामर्शक या मनोचिकित्सक की मदद लें। यदि किसी व्यक्ति में नशे की बीमारी के लक्षण दिखाई दें तो उसे डांटने या प्रताड़ित करने के बजाय समय पर उपचार के लिए नशा मुक्ति केंद्र लेकर जाएं।
वर्जन -
नशे की लत लगने के पीछे मानसिक तनाव और गलत संगत प्रमुख कारण हैं। केंद्र में 20 से 40 वर्ष की आयु के मरीज अधिक पहुंच रहे हैं। अधिकतर मरीज नौकरी और आमदनी प्रभावित होने की चिंता व पारिवारिक कारणों से जल्दी छुट्टी मांगने लगते हैं। - डॉ. अजय, जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं मनोचिकित्सक