रंजिश के चलते युवक पर पड़ोसियों ने किया हमला
- पीड़ित युवक के हाथ-पैर तोड़े, सारन थाना एरिया की सुंदर कॉलोनी में सामने आया मामला
- पुलिस ने घायल के बयान पर दर्ज की एफआईआर
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सारन थाना एरिया की सुंदर कॉलोनी में रहने वाले युवक पर पड़ोसियों ने हमला कर दिया। युवक के हाथ-पैर तोड़ दिए गए। पीड़ित और आरोपी के बीच एक साल पहले भी झगड़ा हुआ था लेकिन तब समझौता हो गया था। आरोप है कि मंगलवार को युवक को आरोपी ने अपने घर ले जाकर पीटा। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि सारन थाना पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस को ये शिकायत सुंदर कॉलोनी के रहने वाले युवक आकाश ने दी है। आरोप है कि इनका पड़ोसी मोनू आए दिन किसी न किसी बहाने से कहासुनी करता रहता है। आकाश के अनुसार उसको प्रवासी बोलकर दबाने का प्रयास किया जाता है। बीते साल दोनों के परिवार में झगड़ा हो गया था। बाद में समझौता भी हो गया था। आरोप है कि मंगलवार को आकाश ड्यूटी से घर लौट रहा था तो मोनू ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसे अगवा कर लिया। फिर अपने घर ले जाकर आरोपियों ने आकाश को पीटा और हाथ-पैर तोड़ दिए। आकाश किसी तरह वहां से बचकर निकला और परिवार वालों ने उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। मामले में शिकायत पुलिस को दी गई। सारन थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है।