बाइक सवार दो युवकों ने पत्थर से किया वार
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। डबुआ कॉलोनी में गली में रास्ता देने को लेकर हुए विवाद में बाइक सवार दो युवकों ने एक व्यक्ति पर पत्थर से हमला कर दिया। पत्थर लगने से व्यक्ति का माथा फट गया और वह खून से लथपथ हो गया। परिजनों ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। मेडिकल जांच में उसके माथे की हड्डी में फ्रैक्चर होने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने पीड़ित के बेटे की शिकायत पर दो अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नवादा स्थित पुलिस सोसाइटी निवासी मयंक त्यागी ने बताया कि 28 अक्तूबर की रात करीब 10:30 बजे उसके पिता कुलदीप त्यागी डबुआ कॉलोनी में अपनी बुआ के घर गए थे। इस दौरान वह गली में गाड़ी खड़ी करने के लिए पहुंचे। तभी एक तरफ से ऑटो आ गया और सामने से बाइक पर सवार होकर दो युवक आ गए। गली संकरी होने के कारण रास्ता देने को लेकर उनके पिता और बाइक सवार युवकों के बीच कहासुनी हो गई।
उनके पिता ने गाड़ी आगे साइड में लगाकर नीचे उतरकर दोनों युवकों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन युवकों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इसी दौरान एक युवक ने पत्थर से उनके माथे पर वार कर दिया। चोट लगने से उनका माथा फट गया और दोनों आरोपी मौके से भाग गए। पुलिस प्रवक्ता यशपाल का कहना है कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।