संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। गौंछी मोड़ पर रविवार सुबह दुकान का शटर खोलते समय करंट लगने से एक युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान सराय ख्वाजा निवासी 23 वर्षीय इरशाद के रूप में हुई है। वह तीन साल से यहां किराये की दुकान पर मांस बेचने का काम करता था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इरशाद रविवार सुबह जब अपनी दुकान खोलने पहुंचा और शटर उठाने के लिए उसे हाथ लगाया, तो उसमें आ रहे करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही मौत हो गई। पास के दुकानदारों ने घटना की सूचना पुलिस और परिजनों को दी। मृतक अभी अविवाहित था।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल (बीके) भिजवाया। पुलिस जांच अधिकारी नरेंद्र ने बताया कि मृतक के हाथ पर जलने के निशान मिले हैं, जिससे प्रथम दृष्टया मौत का कारण करंट लगना प्रतीत हो रहा है। घटना के संदर्भ में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।