- कई बार कर्मचारी पहले भी मालिक को कर चुके हैं शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। मुजेसर फाटक के पास स्थित निजी कंपनी में पहले दिन काम करने गए युवक की करंट लगने से मृत्यु हो गई। युवक सोमवार को सुबह साढ़े सात बजे नौकरी पर जाने के लिए घर से निकला था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया।
तिरखा कॉलोनी निवासी गुलशन 19 पहले किसी अन्य कंपनी में बिजली से संबंधित कार्य करता था। सोमवार को मुजेसर फाटक के पास स्थित दूसरी कंपनी में कार्य करने गया। इस कंपनी में युवक का सोमवार को पहला दिन था। परिवार वालों का कहना है कि युवक सुबह साढ़े सात बजे घर से नौकरी पर गया था। युवक का बड़ा भाई पहले से ही उक्त कंपनी में कार्य करता था और उसी ने छोटे भाई गुलशन को कंपनी में नौकरी पर लगवाया था। कंपनी के कर्मचारियों का कहना है कि करंट आने की शिकायत कई बार कंपनी के मैनेजर और मालिक को दी जा चुकी थी। सोमवार को युवक पता नहीं कब उक्त जगह पर जाकर बैठ गया। पहले युवक को करंट लगा, जिससे वह जमीन पर गिर गया। उसके बाद उसके ऊपर तार गिर गई। उपचार के लिए बीके अस्पताल लेकर आए जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि कंपनी की लापरवाही के कारण युवक की मृत्यु हुई है। पुलिस चौकी सेक्टर 7 इंचार्ज वेद प्रकाश का कहना है कि अभी परिजनों की ओर से कोई शिकायत नहीं दी गई है।