- मरने से पहले परिजनों को भेजा वीडियो, परंतु आत्महत्या के कारण नहीं बताए
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। जंगल में स्थित एक कुएं में फंदा लगा 25 वर्षीय युवक ने आत्महत्या कर ली। मरने से पहले युवक ने वीडियो परिजनों के पास भेजा और आत्महत्या की जगह के बारे में जानकारी दी। वीडियो में आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं किए। सदर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कुएं से बाहर निकाला और जिला नागरिक अस्पताल भिजवाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मामले में सीआरपीसी की धारा 174 के तहत कार्रवाई की गई है। सदर थाना प्रभारी राजेश कुमार के अनुसार उन्हें सूचना मिली कि गांव मंडकौला निवासी 25 वर्षीय बेटा राजेश ने यादुपुर गांव के जंगल के कुएं में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना के आधार पर वह तुरंत मौके पर पहुंचे और शव को कुएं से निकलवा कर जिला नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवाया। मृतक के पिता राजेंद्र ने बताया कि आत्महत्या से पूर्व राजेश ने वीडियो बनाकर अपने परिजनों को भेजा था, परंतु उसमें आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए। राजेश ने वीडियो में कहा है कि वह किसी कारणवश आत्महत्या कर रहा है, उसे ढूंढने का प्रयास न करें। उसने आत्महत्या करने वाली जगह के बारे के वीडियो में जानकारी दी। परिजन वीडियो को देखने के बाद तुरंत मौके पर पहुंचे, परंतु तब तक राजेश आत्महत्या कर चुका था और उसका शव फंदे से लटका हुआ था। पुलिस ने परिजनों के बयान पर सीआरपीसी की धारा 174 के तहत कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। पुलिस का कहना है कि परिजनों ने किसी पर कोई शक जाहिर नहीं किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।