पलवल। गदपुरी थाना क्षेत्र के टहरकी गांव के समीप शनिवार रात कार सवार प्रेम नामक युवक गोली लगने से घायल हो गया।घायल युवक को गंभीर हालत में फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, धतीर गांव निवासी प्रेम उर्फ पिस्सू शनिवार रात किसी काम से कार में सवार होकर घर से निकला था। देर रात परिजनों को सूचना मिली कि उसे गोली लग गई है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और प्रेम को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। फिलहाल गोली लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। गदपुरी थाना प्रभारी अश्विनी कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि घायल युवक के होश में आने के बाद ही घटना की असली वजह सामने आ पाएगी। संवाद