संवाद न्यूज एजेंसी फरीदाबाद। हरियाणा राज्य अभिलेखागार विभाग ने प्रदेश की प्रशासनिक, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक दस्तावेजी विरासत के संरक्षण, प्रबंधन और अध्ययन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘धरोहर शास्त्री इंटर्नशिप कार्यक्रम’ शुरू किया है। कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों, शोधार्थियों और अभिलेखीय विषयों में रुचि रखने वाले युवाओं को हरियाणा की समृद्ध अभिलेखीय धरोहर को करीब से समझने का अवसर मिलेगा। उपायुक्त आयुष सिन्हा ने विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं युवाओं से कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इंटर्नशिप के माध्यम से प्रतिभागियों को संरक्षण, अभिलेखीकरण और डिजिटलीकरण जैसे क्षेत्रों में व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा। साथ ही, युवाओं में प्रदेश की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।
उन्होंने बताया कि एक माह की यह इंटर्नशिप राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की भावना के अनुरूप है, जिसमें अनुभावात्मक शिक्षा और कौशल विकास को प्राथमिकता दी गई है। इतिहास विषय में डिप्लोमा धारक, स्नातक द्वितीय वर्ष से आगे के विद्यार्थी, स्नातकोत्तर एवं शोधार्थी आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा इतिहास, धरोहर, पुरातत्व, अभिलेख विज्ञान, पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान तथा अन्य सामाजिक विज्ञान एवं मानविकी विषयों से जुड़े पात्र अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों को आवेदन के साथ सीवी, उद्देश्य विवरण और आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे। अधिक जानकारी के लिए हरियाणा राज्य अभिलेखागार विभाग की वेबसाइट www.haryanaarchives.gov.in, ई-मेल अथवा दूरभाष नंबर 0172-2992112 पर संपर्क किया जा सकता है।