जिले के आठ सरकारी कॉलेज में एक हजार से अधिक सीटें
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले के राजकीय और निजी कॉलेज में रविवार से पोस्ट ग्रेजुएशन कोर्सेज में दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो गई है। एमए, एमकॉम, एमएससी और एमसीए जैसे उच्च शिक्षा पाठ्यक्रमों में एडमिशन के इच्छुक छात्र 26 जुलाई तक विभाग की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। जिले के आठ सरकारी कॉलेजों में पीजी स्तर पर एक हजार से अधिक सीटें उपलब्ध हैं।
इस सत्र से दाखिले पूरी तरह नई शिक्षा नीति के तहत होंगे। इसके तहत विज्ञान के पारंपरिक कोर्स के नामों में बड़ा बदलाव किया गया है। अब बैचलर्स ऑफ साइंस मेडिकल को बैचलर्स ऑफ साइंस इन लाइफ साइंसेज और बीएससी नॉन-मेडिकल को बैचलर्स ऑफ साइंस इन फिजिकल साइंसेज कहा जाएगा। इसके अलावा चार साल के यूजी प्रोग्राम में कौशल वृद्धि और माइनर जैसे कई नए कोर्स भी जोड़े गए हैं।
नई शिक्षा नीति के तहत छात्रों को बीच में ही पढ़ाई छोड़ने पर अलग-अलग सर्टिफिकेट दिया जाएगा। इसमें छात्रों को मल्टीपल एंट्री और एग्जिट की खास सुविधा मिलेगी, जिससे उनकी मेहनत बेकार नहीं जाएगी। नई शिक्षा नीति के अनुसार एक वर्ष के बाद यूजी सर्टिफिकेट, दो वर्ष पर यूजी डिप्लोमा, तीन वर्ष पर मुख्य विषय में यूजी डिग्री और चार वर्ष के बाद रिसर्च के साथ यूजी ऑनर्स की डिग्री दी जाएगी।
अभी विभाग की ओर से दाखिले की सूचना दी गई है। दाखिले का विस्तृत शेड्यूल जल्द ही जारी कर दिया जाएगा। इच्छुक छात्र समय रहते पंजीयन करवा लें।-सपना नागपाल, नोडल अधिकारी, बल्लभगढ़ कॉलेज