निदेशालय ने पंंजीकरण की कम संख्या को देखते हुए किया फैसला
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में दाखिले के लिए आवेदन की तिथि 30 जून तक बढ़ा दी गई। कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण निदेशालय ने विद्यार्थियों की सुविधा व पंजीकरण की कम संख्या को देखते हुए तिथि बढ़ाई है। हालांकि अभी भी पोर्टल पर ट्रेड (कोर्स) चुनने का विकल्प नजर नहीं आ रहा है।
इसके अलावा महाविद्यालयों में भी स्नातक में दाखिले के लिए एक बार फिर से तिथि बढ़ा कर 30 जून कर दी गई है। बता दें कि 31 मई के बाद दाखिले की अंतिम तारीख बढ़ा कर 15 जून की गई थी। इसके बावजूद एक महाविद्यालय में रोजाना 80 से 90 आवेदन आवेदन आ रहे थे। आवेदनों की संख्या को देखते हुए विभाग ने एक बार फिर से तिथि बढ़ा दी है। पं. जवाहर लाल नेहरू महाविद्यालय में 31 मई तक करीब 4 हजार आवेदन थे, जो कि अब पांच हजार से अधिक हैं।
इसी प्रकार से सेक्टर-15 के राजकीय महिला महाविद्यालय में 31 मई तक लगभग 1900 आवेदन थे। अब यह बढ़कर तीन हजार के आस-पास हो गए हैं। इनमें सबसे ज्यादा बीए, बीसीए, बीबीए और बीकॉम जैसे कोर्सों के लिए होड़ मची हुई है।
आईटीआई में कम आवेदन के कारण बढ़ी तारीख
आईटीआई में दाखिले के लिए कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण निदेशालय ने 15 जून तक पंजीकरण करने का मौका दिया था। समय अवधि पूरी होने के बाद जिले के नौ आईटीआई संस्थानों में सिर्फ 40 फीसदी सीटों पर ही आवेदन आए हैं। इसी कारण से 15 दिनों का अतिरिक्त समय संस्थानों और विद्यार्थियों को दिया गया है। फरीदाबाद की आईटीआई में 2180 सीटों पर करीब एक हजार बच्चों ने पंजीकरण करवाया है।