यूनियन का आरोप- एक ही विश्वविद्यालय में कर्मचारियों के लिए अलग-अलग नियम
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जेसी बोस विश्वविद्यालय (वाईएमसीए) में शनिवार को अवकाश देने के नियम को लेकर कर्मचारियों और प्रशासन के बीच विवाद बढ़ गया है। इस मुद्दे पर वाईएमसीए वर्कर्स यूनियन (सीटू) ने विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर गेट मीटिंग की। यूनियन ने 15 नवंबर को प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करने का फैसला लिया है।
गेट मीटिंग की अध्यक्षता यूनियन प्रधान लेखराज ने की। सीटू के जिला सचिव वीरेंद्र सिंह डंगवाल ने आरोप लगाया कि हरियाणा के तकनीकी शिक्षा विभाग के महानिदेशक ने सात अक्तूबर को पत्र जारी कर एचकेआरएनएल के तहत कार्यरत कर्मचारियों को शनिवार को अवकाश देने के निर्देश दिए थे। पत्र के अनुसार, यदि शनिवार को कोई जरूरी या पहले से तय काम नहीं है तो कर्मचारियों को संस्थान में बुलाना अनिवार्य नहीं होगा। डंगवाल ने कहा कि विश्वविद्यालय में एचकेआरएनएल के 203 कर्मचारी कार्यरत हैं। इनमें से 148 को शनिवार को ड्यूटी पर नहीं बुलाया जाता, जबकि 50 कर्मचारियों को बुलाया जा रहा है। इससे कर्मचारियों में नाराजगी है। डंगवाल ने कहा कि एक ही विश्वविद्यालय में कर्मचारियों के लिए अलग-अलग नियम नहीं होने चाहिए। उन्होंने बताया कि एक से तीन दिसंबर तक दिल्ली के रामलीला मैदान में सीटू के आह्वान पर होने वाले मजदूरों के महापड़ाव में भी वाईएमसीए के कर्मचारी शामिल होंगे।