- जागरूकता अभियान चलाने के बाद भी बाज नहीं आ रहे वाहन चालक
भारती दुबे
फरीदाबाद। शहर में गलत दिशा में वाहन चलाने वालों को रोकने में यातायात पुलिस नाकाम दिख रही है। यातायात पुलिस के लगातार अभियान चलाने के बावजूद वाहन चालक नियम तोड़ने से बाज नहीं आ रहे। जनवरी से सितंबर 2025 तक पुलिस ने ऐसे 51,189 चालकों के चालान किए हैं, लेकिन घटनाएं कम नहीं हो रही हैं।
गलत दिशा में वाहन चलाने के कारण सड़क हादसों की संख्या भी बढ़ रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कई लोग समय बचाने के चक्कर में या ट्रैफिक जाम से बचने के लिए गलत साइड से वाहन चला देते हैं, जिससे दुर्घटनाएं होती हैं। इस लापरवाही की सबसे अधिक शिकायतें बाइक, स्कूटी और ऑटो चालकों के खिलाफ मिल रही हैं। वहीं, कुछ मामलों में कार और छोटा हाथी जैसे वाहन शामिल हैं।
नीलम बाटा रोड पर ज्यादा लापरवाही
शहर के कई प्रमुख स्थानों नीलम बाटा रोड, नीलम चौक-अजरौंदा ट्रैफिक लाइट, बाटा ट्रैफिक लाइट, बल्लभगढ़ मोड़, नीलम पेट्रोल पंप के पास, सेक्टर-12 और आसपास के क्षेत्र में ऐसी लापरवाही ज्यादा बरती जा रही है। इन जगहों पर रोजाना दर्जनों वाहन चालक गलत दिशा में दौड़ते नजर आते हैं, जिससे न केवल ट्रैफिक बाधित होता है बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है।
व्यस्त चौराहों पर सीसीटीवी बढ़ाने की योजना
यातायात पुलिस ने लोगों को जागरूक करने के लिए कई अभियान चलाए हैं। कॉलेजों, बस अड्डा, मार्केट, रेलवे स्टेशन, चौक-चौराहों के अलावा अन्य कई स्थानों पर सेफ ड्राइविंग को लेकर लोगों को जागरूक किया जाता है। इसके बावजूद लोग नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। पुलिस प्रवक्ता यशपाल का कहना है कि बार-बार चेतावनी और चालान के बाद भी जो चालक नहीं सुधर रहे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जल्द ही शहर के अधिक व्यस्त चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे बढ़ाने की योजना है, ताकि ऐसे वाहन चालकों को तुरंत पहचाना जा सके।
यातायात विभाग की अपील
यातायात विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए ट्रैफिक नियमों का पालन करें। गलत दिशा में वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह किसी की जान भी ले सकता है। नियमों का पालन कर ही सुरक्षित फरीदाबाद का निर्माण संभव है।
माह चालान
जनवरी 7008
फरवरी 4461
मार्च 6610
अप्रैल 7078
मई 6448
जून 5740
जुलाई 4766
अगस्त 4292
सितंबर 4786