- वजन के आधार पर ग्रुप बनाए गए हैं
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। खेल विभाग की ओर से सेक्टर-12 खेल परिसर में सोमवार से दो दिवसीय जिला स्तरीय कुमार, केसरी व जिला अखाड़ा कुश्ती प्रतियोगिता शुरू हो गई, हालांकि पहले दिन प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले पहलवानों का वजन लिया गया। सोमवार शाम तक अंडर 17 आयुवर्ग तक के करीब 100 से अधिक पहलवानों का वजन लिया गया। पहलवानों के वजन के आधार पर ग्रुप बनाए गए हैं, इनमें यह खिलाड़ी भिड़ेंगे। मंगलवार सुबह से फ्री स्टाइल और ग्रीको रोमन के मुकाबले होंगे। इसके अलावा फरीदाबाद जिला कुमार के लिए वजन 74 किलोग्राम, केसरी के लिए 74 से 125 किलोग्राम तक वजन लिया गया। जबकि महिला कुमारी में 62 तक व केसरी में 62 किलोग्राम से अधिक वजन वाले खिलाड़ी हिस्सा लेंगी। कुश्ती कोच सोनू ने बताया कि सोमवार देर शाम तक वजन लेने की प्रकिया पूरी कर ली जाएगी। मंगलवार सुबह छह बजे से ही मुकाबले आयोजित होंगे।
लड़कों के फ्री स्टाइल में 41, 45, 48, 51, 55, 60, 65, 71, 80, 92, 110 किलोग्राम भार के वजन लिए गए। इस दौरान शहर के विभिन्न अखाड़े के करीब 50 पहलवानों ने हिस्सा लिया। वहीं, लड़कों के अंडर 17 आयुवर्ग के ग्रीको रोमन मुकाबले के लिए 45, 48, 51, 55, 60, 65, 71, 80, 92, 110 किलोग्राम भार के खिलाड़ियों का वजन किया गया। लड़कों की श्रेणी में 57, 61, 65, 70, 74, 79, 86, 92, 97, 125 किलोग्राम भार के अलग-अलग ग्रुप बनाए गए। इसी प्रकार वजन लेकर कई ग्रुप बनाए गए हैं।
लड़कियों की कुमारी प्रतियोगिता के तहत लिए वजन
लड़कियों की कुमारी प्रतियोगिता के लिए सब जूनियर वर्ग के अंडर 17 आयुवर्ग की लड़कियों की फ्री स्टाइल के लिए अंडर 36, 40, 43, 46, 49, 53, 57, 61, 65, 69, 73 किलोग्राम का वजन लिया गया। लड़कियों के अंडर 21 आयुवर्ग के फ्री स्टाइल में 50, 53, 55, 57, 59, 62, 65, 68, 72, 76 किलोग्राम भार का वजन हुआ।