फरीदाबाद। शहर के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित होने से घर से काम करने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। डबुआ कॉलोनी, रोशन नगर, स्माइलपुर, बाबा सूरदास कॉलोनी, एनआईटी-तीन और बल्लभगढ़ की शिव कॉलोनी व सुभाष कॉलोनी समेत कई इलाकों में बुधवार रात से बिजली की समस्या बनी हुई है। इसका असर उन लोगों के काम पर पड़ रहा है, जो घर से ही लैपटॉप और इंटरनेट के जरिये कार्यालय का काम करते हैं। बिजली जाते ही वाई-फाई बंद है और लैपटॉप की बैटरी खत्म होने के बाद काम पूरी तरह रुक गया है। ऐसे में ऑनलाइन बैठक में शामिल होना और तय समय पर काम पूरा करके भेजना मुश्किल हो रहा है। डबुआ कॉलोनी निवासी काजल ने बताया कि बुधवार रात से बिजली न होने के कारण ऑफिस का सारा काम अटका हुआ है। शिव कॉलोनी निवासी अभय ने बताया कि बिजली नहीं होने से लैपटॉप बंद पड़ा है, काम अधूरा है और कंपनी की डेडलाइन सिर पर है। ऐसे में परेशानी और बढ़ गई है। संवाद