फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Faridabad News: फरीदाबाद में शी-मार्ट से महिला उद्यमिता को मिलेगी नई उड़ान

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

फरीदाबाद। केंद्रीय बजट में घोषित शी-मार्ट योजना फरीदाबाद की महिलाओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर लेकर आई है। इसका सीधा लाभ फरीदाबाद में सक्रिय स्वयं सहायता समूह के साथ काम काजी महिलाओं को मिलेगा।

सरकार द्वारा घोषित शी-मार्ट एक सामुदायिक स्वामित्व वाला रिटेल आउटलेट है जिसे स्वयं सहायता समूहों के क्लस्टर स्तर पर स्थापित किया जाएगा। इसका उद्देश्य महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों को बाजार में सीधे ग्राहकों तक पहुंचाना है जिससे बिचौलियों की भूमिका कम हो और महिलाओं को उनके उत्पादों का उचित मूल्य मिल सके। फरीदाबाद में सक्रिय 3467 स्वयं सहायता समूहों के लिए यह योजना एक नई दिशा प्रदान करेगी। अब तक ये समूह अपने उत्पादों को मेलों या स्थानीय बाजारों में बेचते थे लेकिन शी-मार्ट के माध्यम से उन्हें स्थायी प्लेटफॉर्म मिलेगा। इससे उनके उत्पादों की मांग बढ़ेगी और ब्रांड पहचान स्थापित होगी।
विज्ञापन


सरकार ने शी-मार्ट के लिए नवाचारी वित्तीय उपकरणों की घोषणा की है। इसमें वायबिलिटी गैप फंडिंग शामिल है, जो फरीदाबाद जैसे शहरी क्षेत्रों में उच्च भूमि और बुनियादी ढांचे की लागत को देखते हुए महत्वपूर्ण है। इससे महिलाओं को प्राइम लोकेशन पर अपने आउटलेट स्थापित करने में मदद मिलेगी।

कौशल विकास और तकनीकी प्रशिक्षण
बजट में महिलाओं को ड्रोन असेंबली, एलईडी बल्ब निर्माण और सोलर पैनल मेंटेनेंस जैसे उच्च तकनीकी क्षेत्रों में प्रशिक्षित करने का प्रस्ताव है। इससे फरीदाबाद की महिलाएं पारंपरिक उत्पादों से आगे बढ़कर औद्योगिक आपूर्ति शृंखला का हिस्सा बन सकेंगी।

डिजिटल प्लेटफॉर्म और गुणवत्ता नियंत्रण
शी-मार्ट को डिजिटल कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स से जोड़ा जाएगा जिससे महिलाओं के उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में पहुंचाया जा सकेगा। इसके अलावा बजट में उत्पादों की पैकेजिंग और गुणवत्ता परीक्षण के लिए जिला स्तर पर प्रयोगशालाओं की स्थापना का भी प्रस्ताव है।

जिला प्रशासन को होना होगा गंभीर
यह योजना संभावनाओं से भरपूर है लेकिन इसकी सफलता जिला प्रशासन की तत्परता पर निर्भर करेगी। ग्रामीण क्षेत्रों में साक्षरता और डिजिटल जानकारी की कमी एक चुनौती है। अगर प्रशासन स्किल इंडिया के साथ मिलकर महिलाओं को व्यवसाय प्रबंधन का प्रशिक्षण प्रदान करता है तो फरीदाबाद की महिलाएं पूरे राज्य के लिए एक उदाहरण बन सकती हैं।
विज्ञापन


एक लाख से अधिक महिलाओं को मिलेगा लाभ
जिले में कुल काम करने वाले लोगों में से करीब 13 प्रतिशत महिलाएं है। 2011 के आंकड़ों के अनुसार 82 हजार से अधिक महिलाएं कामकाजी है वही अनुमान के अनुसार अब यह संख्या एक लाख से अधिक है। शी-मार्ट योजना फरीदाबाद की महिलाओं के लिए आर्थिक स्वतंत्रता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यदि इसे सही तरीके से लागू किया गया तो महिलाओं की आय बढ़ाने के साथ उन्हें समाज में एक सशक्त स्थान भी प्रदान करेगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें