फरीदाबाद। राह चलती महिलाओं को अपनी बातों में उलझाकर उनके सोने के आभूषण उतरवाने वाले एक बदमाश को क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पूछताछ में शहर की आठ वारदात का खुलासा किया है।
दिल्ली में भी उसके खिलाफ दर्जन भर मामले दर्ज हैं। आरोपी की पहचान गांव फतेहपुर निवासी चांद मोहम्मद उर्फ भूरा उर्फ संजय के रूप में हुई है। वह महिलाओं से उतरवाए गए आभूषणों को राह चलते व्यक्तियों को मजबूरी बताकर सस्ते दामों पर बेच देता था। आभूषणों को बेचकर मिली रकम को वह जुए में उड़ा देता था।
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह राह चलती महिलाओं को अपनी बातों में उलझाकर उनके सोने के कंगन, कड़ा, अंगूठी, चेन आभूषण ठग कर फरार हो जाता था। आरोपी ने थाना डबुआ, ओल्ड फरीदाबाद, एनआईटी, सेक्टर-17 और कोतवाली में महिलाओं से आभूषण उतरवाने की करीब 8 वारदात को अंजाम दिया था।
जांच में पता लगा है कि आरोपी के खिलाफ दिल्ली में भी इसी तरह के करीब दर्जन भर मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी से एक सोने की चेन, अंगूठी, एक कड़ा और 42 हजार रुपये बरामद किए हैं। रिमांड पूरा होने पर उसे रविवार को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है।