बल्लभगढ़ ब्रह्मणवाड़ा में पीने के पानी की समस्या को लेकर नारेबाजी करती महिलाएं ।
- फोटो : Faridabad
बल्लभगढ़। गर्मियां शुरू होते ही पीने के पानी के लिए हाहाकार मच गया है। बीते आठ दिनों से ब्राह्मणवाड़ा में गंदे पानी की सप्लाई से परेशान स्थानीय महिलाओं ने बुधवार को निगम कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान महिलाओं ने निगम के संयुक्त आयुक्त से मिलकर परेशानी बताई। वहीं, संयुक्त आयुक्त ने महिलाओं को समाधान का भरोसा दिलाया। इसके बाद महिलाएं शांत हो सकी।
इससे पहले चावला कॉलोनी व नत्थु कॉलोनी में पानी की समस्या से परेशान स्थानीय निवासी निगम का घेराव कर चुके हैं। अब पेयजल संकट ब्राह्मणवाड़ा निवासियों की परेशानी का कारण बन गया है। कॉलोनी में पिछले सात दिनों से गंदे पानी की आपूर्ति तो हो रही है इसके अलावा लगाए गए नए ट्यूवैल से कनेक्शन जोड़ने के लिए पैसे मांगने का भी आरोप है।
-
कई बार संबंधित पार्षद को अपनी पानी की समस्या से अवगत कराया है, लेकिन हमारी समस्या का समाधान नहीं हो सका है। जिसको लेकर हमें यह कदम उठाना पड़ा। - कृष्णा देवी
-
पानी की समस्या के चलते घंटो मोटर चलानी पड़ती है, जिसके कारण पानी की समस्या के साथ-साथ हमें बिजली बिल पर अतिरिक्त खर्च करना पड़ रहा हैं। - सौनल कौशिक
-
घरों में अन्य जरूरतों के लिए भी पानी खरीदना पड़ रहा है। अगर पानी को कपड़े या किसी अन्य कार्य के लिए एकत्र करते हैं, तो उसमें सीवरेज जैसी बदबू हो जाती है। - हेमलता, निवासी, ब्राह्मण वाड़ा
महावीर कॉलोनी में पहुंच रहा है गंदा पानी
बल्लभगढ़ । महावीर कॉलोनी वार्ड नंबर-38 के सभी कॉलोनियों में पिछले 15 दिनों से सीवर का गंदा व बदबूदार पानी घरों में सप्लाई हो रहा है जो कि ना ही पीने लायक है ना ही हाथ धोने लायक। वहां रहने वाले प्रदीप गुप्ता ने बताया कि इस बारे में संबंधित जेई व पार्षद से सभी कॉलोनी वासियों ने इकट्ठा होकर कई बार शिकायत की है। जिसका इन पर कोई फर्क नहीं पड़ रहा है। वहीं वार्ड के अजय मित्तल कहते हैं कि इस गंदे पानी को मजबूरी में इस्तेमाल करने के बाद घरों में लोग और बच्चे बीमार हो रहे हैं कोरोना की बढ़ती बीमारी को देखते हुए सभी कॉलोनी वासियों में इस गंदे पानी को लेकर बहुत भय बना हुआ है।