हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। अज्ञात लोगों ने एक महिला की हत्या कर शव को समयपुर नाले में फेंक दिया। शव को करीब 15 से 20 किलो के पत्थर से बांधा गया था। इसका उद्देश्य शव को पानी के ऊपर आने से रोकना था। शनिवार शाम को शव मिलने पर सेक्टर-58 थाना पुलिस ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिला के शव के साथ मंगलसूत्र और शादी के अन्य आभूषण मिले हैं। उसकी उम्र करीब 25 से 30 साल होने का अनुमान है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि घटनास्थल से पहचान के लिए कोई दस्तावेज नहीं मिला। शव पर कोई निशान या टैटू भी नहीं था, जिससे उसकी पहचान नहीं हो सकी है। शव गलने के कारण उसकी हालत काफी खराब हो चुकी है। पुलिस को आशंका है कि शव पानी के बहाव के साथ कहीं पीछे से बहकर आया होगा। क्राइम ब्रांच और सीन ऑफ क्राइम की टीम भी मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस शव की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि उनके परिवार या आसपास की कोई महिला लापता है तो वे सेक्टर-58 थाने में संपर्क करें।