फरीदाबाद। आगरा नहर में रविवार दोपहर करीब बारह बजे महिला का शव बहता हुआ मिला। छठ पूजा के लिए तैनात एसडीआरएफ की टीम ने सूचना मिलते ही कठपुला के पास शव को नहर से बाहर निकाला। महिला की उम्र करीब पचास से पचपन साल बताई जा रही है और उसकी पहचान नहीं हो पाई है।
छठ पूजा के लिए आगरा नहर में स्नान कर रहे श्रद्धालुओं ने एत्मादपुर पुल के पास पानी में एक शव बहता देखा। उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। शव पल्ला की तरफ से बहकर आ रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। छठ पूजा के चलते एसडीआरएफ की टीम वाटर रेस्क्यू उपकरणों के साथ आसपास ही तैनात थी। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शव को नहर से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को बीके अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि महिला की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, शनिवार तक नहर में पानी कम था। छठ पूजा त्योहार के लिए रविवार को पानी छोड़ा गया था। इसके चलते जलस्तर और बहाव बढ़ गया, जिसके बाद शव बहकर आया। आशंका जताई जा रही है कि शव दिल्ली की तरफ से बहकर आया होगा। हालांकि, पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। संवाद