बंद कमरे से बदबू आने पर पता चली मौत की खबर
पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार, 30 जुलाई को गांव अनंगपुर के डोमका मोहल्ला स्थित एक बंद मकान से बदबू आने पर पुलिस को सूचना मिली थी। जब दरवाजा खोलकर देखा गया तो अंदर एक व्यक्ति का खून से लथपथ शव पड़ा था, जिसकी पहचान मूल रूप से अलीगढ़ (यूपी) निवासी 36 वर्षीय सदाकत के रूप में हुई। गर्दन पर धारदार हथियार से गहरे कट के निशान थे। मृतक के भाई नजाकत अली की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी थी।
दोनों थे शादीशुदा, ओमेक्स सोसाइटी में काम के दौरान बढ़ी थीं नजदीकियां
जांच में सामने आया कि मृतक सदाकत और आरोपी महिला दोनों सेक्टर-86 स्थित ओमेक्स सोसाइटी में काम करते थे। सदाकत पेंटिंग का काम करता था, जबकि महिला घरों में झाड़ू-पोंछा करती थी। दोनों पहले से ही शादीशुदा थे। महिला को उसके पति ने छोड़ दिया था, जिसके बाद उसकी जान-पहचान सदाकत से हुई। महिला उस पर लगातार शादी करने का दबाव बना रही थी, लेकिन सदाकत हर बार कोई न कोई बहाना बनाकर शादी की बात को टाल देता था।
शराब पिलाकर सुलाया, फिर चाकू से रेता गला
आरोपी महिला ने पूछताछ में खुलासा किया कि सदाकत द्वारा शादी की बात बार-बार टालने से वह बेहद गुस्से में थी। 25 जुलाई को उसने साजिश के तहत सदाकत को अनंगपुर स्थित अपने किराए के कमरे पर बुलाया। वहां उसने सदाकत को पहले शराब पिलाई। जब अत्यधिक नशे के कारण सदाकत बेड पर ही बेसुध होकर सो गया, तो महिला ने किचन से चाकू उठाकर उसका गला रेत दिया। सदाकत की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद किसी को शक न हो, इसलिए महिला ने शव को अंदर ही छोड़ दिया और कमरे के मुख्य दरवाजे पर बाहर से ताला लगा दिया और मौके से भाग गई।
हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद करेगी पुलिस
एक अगस्त को आरोपी महिला को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड अवधि के दौरान क्राइम ब्रांच की टीम हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू, महिला के खून से सने कपड़े और घटना से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद करने के लिए पूछताछ कर रही है।