होटल के सामने खड़ी गाड़ियों के बारे में पूछने गया था पुलिसकर्मी
सरूरपुर चौक के पास बने ट्रैफिक पुलिस बूथ पर पुलिसकर्मी दीपक तैनात थे। बताया जा रहा है कि 30 जुलाई को दिन के समय वह दयाल अस्पताल चौक पर मौजूद थे। उन्हें सूचना मिली की पीछे नेशनल ओयो होटल के सामने जाम लगा हुआ है। जब वह वहां जाम खुलवाने गया और होटल के सामने खड़े वाहनों के बारे में होटल कर्मियों से पूछा, तो वह गुस्से में आ गए और उनको अंदर खींच कर ले गए।
रंजित कौर ने मारे 15 चप्पल
केयरटेकर सोनू और करण ने उनके दोनों हाथ पकड़ लिए। जिसके बाद संचालिका रंजित कौर ने चप्पलों से मारना शुरू कर दिया। वीडियो के अनुसार करीब 15 बार चप्पल से पीटा। इस दौरान केयरटेकर ने भी सिपाही को लात-घूंसों से पीटा। इस घटना की एक कर्मचारी वीडियो बना रहा था। सिपाही दीपक लगातार खुद को छुड़ाने और वीडियो न बनाने की गुहार लगा रहा था।
पुलिस ने तीन को किया गिरफ्तार
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि पुलिस चौकी संजय कॉलोनी की टीम ने कार्रवाई करते हुए रंजित कौर (50) निवासी कालकाजी, दिल्ली (होटल संचालिका), सोनू (25) निवासी अच्छेजा पलवल व करण (20) निवासी मंगोलपुरी दिल्ली (केयर टेकर) को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में बताया क्यों मारा
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि जब पुलिसकर्मी जाम लगने के कारण होटल के सामने खड़े वाहनों के बारे में कहने के लिए गया तो गुस्से में आकर वे पुलिसकर्मी को अंदर ले गये वहां पर होटल संचालिका व अन्य ने पुलिसकर्मी के साथ मारपीट की और उसका वीडियो बनाया। आरोपियों को अदालत में पेश कर आगामी कार्रवाई की जाएगी।