पल्ला थाना क्षेत्र के सूर्या विहार की घटना, भारतीय तटरक्षक बल में तैनात पति पर मारपीट का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। पल्ला थाना क्षेत्र के सूर्या विहार फेज-2 में पति की मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने अपने तीन मासूम बच्चों के साथ मच्छर मारने की दवा पी ली। चारों की तबीयत बिगड़ने पर बड़ी बेटी ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने सभी को तुरंत बीके नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए दिल्ली रेफर कर दिया। पुलिस के अनुसार, महिला मूलरूप से बिहार की रहने वाली है और सूर्या विहार में बच्चों के साथ रहती है। वह खुद एक कंपनी के मार्केटिंग विभाग में कार्यरत है। उनके पति भारतीय तटरक्षक बल में कार्यरत हैं और वर्तमान में नोएडा में पोस्टिंग है। घटना के समय वह घर में सो रहे थे। वह कई-कई दिनों के बाद घर आते हैं। बेटी ने आरोप लगाया कि उसके पिता अक्सर उसकी मां के चरित्र पर शक करते हैं और उनके साथ मारपीट करते हैं। घटना की सुबह जब वह छत पर स्थित कमरे में थी, तो उनके पिता ने मोबाइल छीन लिया और गाली-गलौज की थी। पत्नी के साथ अभद्र व्यवहार व मारपीट की थी। पति की रोज-रोज की प्रताड़ना से आहत होकर दोपहर में महिला ने जहरीला पदार्थ पी लिया और तीनों बच्चों को भी पिला दिया। जब चारों की हालत बिगड़ने लगी तो बेटी ने सूझबूझ दिखाते हुए डायल 112 पर कॉल की थी। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, शिकायत आते ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी।