पुलिस को बिना सूचना दिए कर रहे थे दाह संस्कार
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज की दहेज हत्या की एफआईआर
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। थाना सिटी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली तिरखा कॉलोनी में रहने वाली महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। महिला की मौत की सूचना पुलिस को दिए बिना ही सुसराल पक्ष के लोग दाह संस्कार की तैयारी कर रहे थे।
मायके पक्ष ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। वहीं थाना सिटी पुलिस ने दहेज हत्या की एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। होडल निवासी वीरेंद्र ने बताया कि उन्होंने अपनी भतीजी आरती की शादी 19 फरवरी 2024 को तिरखा कॉलोनी निवासी विशाल के साथ की थी। शादी के चार महीने के बाद आरती के ससुराल पक्ष के लोग कार और पैसों की डिमांड करना शुरू कर दिया था। आरोप है कि उनकी ओर से ससुराल पक्ष को करीब 10 लाख रुपये भी दिए गए। उसके बावजूद वह आए दिन उनकी भतीजी के साथ मारपीट करता था। उनकी भतीजी का 10 महीने का बेटा भी है। उन्होंने बताया कि मंगलवार की सुबह 6 बजे उनके दामाद विशाल ने उनको फोन करके बताया कि आरती ने आत्महत्या कर ली है।
वह परिवार के अन्य लोगों के साथ करीब 8 बजे जब तिरखा कॉलोनी पहुंचे, तो देखा कि आरती का शव जमीन पर पड़ा हुुआ है और ससुराल पक्ष के लोग दाह संस्कार की तैयारी कर रहे हैं। उनको शक हुआ, तो उन्होंने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव की जांच की, तो पता चला कि उसके शरीर पर काफी चोट के निशान थे। जिसके बाद पुलिस ने मायके पक्ष की शिकायत पर दहेज हत्या की एफआईआर दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर ली है। मौत के कारणों का रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा।