फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

'बच सकती थी सुनीता': ग्रिल के सहारे खड़ी महिला गिरी, किरायेदारों ने कई बार चेताया; नहीं जागा मकान मालिक, VIDEO

Thu, 06 Aug 2026 05:43 PM IST
विकास कुमार संवाद न्यूज एजेंसी, फरीदाबाद

सार

मृतका की पहचान 50 वर्षीय सुनीता के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर की रहने वाली थीं और पिछले करीब 10 वर्षों से भारत कॉलोनी स्थित दो मंजिला मकान की पहली मंजिल पर परिवार के साथ किराये पर रह रही थीं।
विज्ञापन
ग्रिल टूटने से नीचे गिरी महिला की मौत - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हरियाणा के बल्लभगढ़ स्थित खेड़ी पुल थाना क्षेत्र स्थित भारत कॉलोनी की गली नंबर-2 में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में जर्जर मकान की ग्रिल टूटने से पहली मंजिल से नीचे गिरकर एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने मकान मालिक पर लंबे समय से मरम्मत नहीं कराने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

विज्ञापन


बुलंदशहर की रहने वाली थीं सुनीता
मृतका की पहचान 50 वर्षीय सुनीता के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर की रहने वाली थीं और पिछले करीब 10 वर्षों से भारत कॉलोनी स्थित दो मंजिला मकान की पहली मंजिल पर परिवार के साथ किराये पर रह रही थीं। परिवार में उनके पति, दो अविवाहित बच्चे और एक विवाहित बेटी है।
 

सिर पर चोट आने से बहा अधिक खून
परिजनों के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 5:50 बजे सुनीता घर का काम कर रही थीं। वह वॉशरूम से पानी की बाल्टी लेकर कमरे की ओर लौट रही थीं। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया। सहारा लेने के लिए उन्होंने छज्जे पर लगी लोहे की ग्रिल पकड़ ली, लेकिन वर्षों पुरानी और जंग लगी ग्रिल अचानक अपने आधार से उखड़ गई। ग्रिल के साथ सुनीता पहली मंजिल से सीधे नीचे गली में जा गिरीं। हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोट लगी और काफी खून बह गया।

बारिश की वजह से ग्रिल की मजबूती हुई कम
तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पड़ोसी सुखबीर ठाकुर ने बताया कि ग्रिल काफी समय से जर्जर थी और लगातार हो रही बारिश के कारण छज्जे में नमी आने से उसकी मजबूती और कम हो गई थी। लोगों ने तुरंत सुनीता को निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

कई बार बोलने के बाद भी मकान मालिक ने नहीं दिया ध्यान
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि करीब 30 वर्ष पुराने इस मकान की दीवारों, छज्जों और लोहे की ग्रिलों में लंबे समय से दरारें और जंग लगी हुई थी। किरायेदारों ने कई बार मकान मालिक राजेश को मरम्मत कराने के लिए कहा, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का कहना है कि मकान मालिक के क्षेत्र में दो पुराने मकान हैं और दोनों की हालत काफी खराब है।
विज्ञापन

बच सकती थी सुनीता की जान अगर...
घटना की सूचना मिलने पर खेड़ी पुल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि अस्पताल से सूचना मिलने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल की मोर्चरी भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण जर्जर लोहे की ग्रिल का टूटना सामने आया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस मामले में मकान मालिक की लापरवाही बनती है या नहीं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते मकान की मरम्मत करा दी जाती तो यह दर्दनाक हादसा टाला जा सकता था।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें