महिला ने ब्लैकमेल कर 90 लाख वसूले
शिकायत के मुताबिक, आरोपी अब तक बैंक लेन-देन और नकद के माध्यम से करीब 90 लाख रुपये ले चुकी थी। इसके बावजूद वह लगातार और रकम की मांग कर रही थी। चार अक्तूबर को शिकायत मिलने के बाद सदर थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू की।
पैसे लेने के लिए महिला को बुलाया, रंगेहाथों पकड़ा
पुलिस ने शिकायतकर्ता को आरोपी द्वारा मांगी गई रकम देने के लिए कहा और पूरी कार्रवाई पर निगरानी रखने की योजना बनाई। आरोपी ने शिकायतकर्ता को सोहना रोड स्थित सेक्टर-47 के कॉफी हाउस में बुलाया था। पुलिस टीम सादे कपड़ों में मौके पर पहुंची और निगरानी शुरू कर दी। जैसे ही महिला ने शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये नकद लिए, पुलिस ने उसे मौके पर काबू कर लिया। तलाशी के दौरान रकम बरामद हुई। नोटों में कुछ पर पुलिस टीम के पहले से किए गए हस्ताक्षर और शुरुआती अक्षर भी मिले।
आरोपी की पहचान सूर्यदीता दास (24) के रूप में हुई है। वह पश्चिम बंगाल की रहने वाली है और वर्तमान में सुशांत लोक में रह रही थी। उसकी शिक्षा एमबीए बताई गई है। पुलिस पूछताछ में शिकायतकर्ता से करीब 90 लाख रुपये ब्लैकमेलिंग के जरिये लेने की बात सामने आने का दावा किया गया है।
एसीपी क्राइम नवीन कुमार ने बताया कि आरोपी युवती के खिलाफ सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। पुलिस ने उसके बैंक खाते में मौजूद करीब 95 लाख रुपये नियमानुसार फ्रीज कराए हैं। मामले में पुलिस लेन-देन और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।