- बीबीए, बीकॉम और बीसीए कोर्सों की बढ़ी मांग, बीए जैसे पारंपरिक ऑनर्स कोर्सों में अपेक्षाकृत कम आ रहे आवेदन
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले के सरकारी कॉलेजों में इस बार यूजी कोसों में दाखिले को लेकर कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है। कई प्रमुख कोर्सों में आवेदन संख्या सीटों से काफी अधिक पहुंच गई है। इससे दाखिले की दौड़ और कठिन हो गई है। खासकर बीबीए, बीसीए, बीकॉम और आर्ट्स कोसों में छात्रों की रुचि ज्यादा है। कुछ पारंपरिक ऑनर्स कोर्सों में अपेक्षाकृत कम आवेदन आए हैं।
नई शिक्षा नीति और बदलते करियर विकल्पों के चलते छात्रों का रुझान कंप्यूटर, तकनीकी और स्किल आधारित कोर्सों की ओर बढ़ा है। इसी कारण कंप्यूटर से जुड़े कोर्सों में आवेदन में बढ़ोतरी हुई है।
सेक्टर-15 स्थित राजकीय महिला कॉलेज की नोडल शिक्षा अधिकारी विजया ने बताया कि बीए के अलावा बीसीए, बीबीए और बीकॉम जैसे कोर्सों में सीटों से बहुत ज्यादा आवेदन प्राप्त हुए हैं। सीमित सीटों के कारण मुकाबला कठिन हो गया है। वहीं अंग्रेजी और हिंदी ऑनर्स कोसों में अपेक्षाकृत कम आवेदन आए हैं। उन्होंने बताया कि बीए की 240 सीटों पर 538, बीबीए की 60 सीटों पर 333, बीसीए की 40 सीटों पर 293 और बीकॉम की 160 सीटों के लिए करीब 600 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
वहीं पं. जवाहर लाल नेहरू राजकीय कॉलेज की नोडल अधिकारी रजनी ने बताया कि छात्रों का झुकाव प्रोफेशनल कोर्सों की ओर अधिक है। उन्होंने बताया कि बीसीए की 100 सीटों के लिए करीब 900, बीबीए की 100 सीटों पर 850 और बीकॉम की 420 सीटों पर करीब 1300 आवेदन आए हैं। वहीं बीए की 400 सीटों पर करीब 1100 आवेदन आए हैं।