फरीदाबाद। प्रदूषण का स्तर लगातार खराब श्रेणी में बना हुआ है। रविवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक फिर से 300 से ऊपर पहुंच गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की तरफ से जारी सूची के अनुसार जिले का वायु गुणवत्ता सूचकांक 311 दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग चार गुना अधिक है।
पिछले कई दिनों से फरीदाबाद के प्रदूषण स्तर में उतार चढ़ाव बना हुआ है। इस सप्ताह की शुरुआत में हवा काफी साफ हो गई थी। सप्ताह अंत आते-आते हवा फिर से खराब हो रही है। पिछले चार दिनों से 300 के आसपास बना हुआ है। रविवार को यह 311 दर्ज किया गया है, जो शनिवार की तुलना में 33 अंक अधिक है।
शनिवार को फरीदाबाद का एक्यूआई 278 दर्ज किया गया था। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों की बात करें तो सेक्टर-16 क्षेत्र में हवा सबसे ज्यादा खराब रही। यहां का एक्यूआई 315 दर्ज किया गया।
बल्लभगढ़ क्षेत्र का एक्यूआई 204 दर्ज किया गया। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि रविवार को हवा की रफ्तार छह किलोमीटर प्रति घंटा रही। हवा की रफ्तार कम होने से प्रदूषित कण एक जगह एकत्र हो गए। इससे एक्यूआई में बढ़ोतरी हुई है।