तीन महीने से लापता पत्नी पहुंची थी पति के घर, पति वारदात को अंजाम देकर हो गया था फरार
संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। गांव बंचारी में घर से तीन महीने लापता रहने के बाद 30 नवंबर को घर पहुंची विवाहिता को पति ने अवैध संबंध के शक में गोली मारकर हत्या करने का खुलासा किया है। मुंडकटी थाना पुलिस ने गांव में हुए हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पति के कब्जे से देशी कट्टा व कारतूस का खोल बरामद कर आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से अदालत ने आरोपी को जेल भेज दिया।
थाना प्रभारी मुकेश कुमार ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए कहा कि थाने में तैनात एएसआई जीतराम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गश्त पर थे तभी किसी अज्ञात व्यक्ति ने सूचना दी गांव बंचारी निवासी नितेश व पत्नी हेमा उर्फ पिंकी का आपस में झगड़ा हो गया है, जिसमें पति नितेश ने पत्नी के सिर पर तेजधार हथियार से वार कर हत्या कर दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि पुलिस टीम लगातार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही थी। रविवार की शाम पुलिस टीम ने आरोपी पति नितेश को नेशनल हाईवे स्थित हनुमान मंदिर के पास से गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा पुलिस ने इस मामले में जब आरोपी से पूछताछ की तो नितेश ने खुलासा किया कि अवैध संबंध के शक में उसने पत्नी हेमा की घर में गोली मारकर हत्या की और फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके कब्जे से हत्या में प्रयोग हुए देशी कट्टा व कारतूस के खोल को बरामद कर लिया। थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया जहां से आरोपी को जेल भेज दिया।