3 अक्तूबर की सुबह नेकपुर गांव में हुई थी वारदात
तीन बच्चों का रस्सी से गला घोंटकर पिता ने की आत्महत्या
32 साल के कर्मबीर और 10 साल की बेटी छवि व 6 साल की सृष्टि की हुई मौत, 8 साल का बेटा बच गया था
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। धौज थाना इलाके के नेकपुर गांव में दो बेटियों को मारकर खुद आत्महत्या करने वाले कर्मबीर की पत्नी, सास, साली व साले को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में अपराध शाखा सेक्टर 48 की टीम ने यह कार्रवाई की है। आरोपियों में पत्नी चंचल, सास बबली, साली ज्योति व साला वंश शामिल हैं।
इनसे पूछताछ में सामने आया कि 26-27 सितंबर को कर्मबीर के साथ उसकी पत्नी व अन्य ससुराल पक्ष ने झगड़ा किया था। आरोपी पक्ष कर्मबीर से पैसे ऐंठना चाहता था। इस पर कर्मबीर को झूठे केस में फंसाकर पैसे ऐंठने के लिए पुलिस को छेड़छाड़ की झूठी शिकायत दी। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि चारों आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेजा गया है। मामले में एक साली पूजा व मंजीत सहित दो आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
धौज थाना इलाके के नेकपुर गांव में ये मामला 3 अक्तूबर की सुबह सामने आया था। 32 साल का कर्मबीर पत्नी चंचल व तीन बच्चों के साथ रहता था। कर्मवीर डेयरी चलाता था। पत्नी चंचल से बीते कई महीनों से उसका विवाद चल रहा था। पत्नी अक्सर मायके चली जाती थी और कभी यहां आ जाती थी। 3 अक्तूबर की सुबह कर्मबीर के परिवार के एक व्यक्ति लगभग 5 बजे उसके घर आए तो उसे फंदे के सहारे लटका पाया। बाद में अन्य लोग इकट्ठा हुए। तीनों बच्चे छवि 10 साल, निशांत 8 साल, सृष्टि 6 साल भी बेसुध पड़े थे। सभी को तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां निशांत व सृष्टि का गंभीर हालत में आईसीयू में इलाज शुरू किया गया। वहीं कर्मबीर व छवि को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बाद में इलाज के दौरान सृष्टि की भी मौत हो गई थी। मामले में धौज थाना में एफआईआर दर्ज हुई थी।