वार्ड नंबर 40 में कई अन्य कार्यों का भी नारियल फोड़कर शुभारंभ किया
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। विधायक मूलचंद शर्मा ने सोमवार को कैंची नहीं मिलने पर हाथ से रिबन तोड़कर पानी के ट्यूबवेल के निमार्ण कार्य का शुभारंभ किया। विधायक ने इस दौरान वार्ड नंबर 40 में कई अन्य कार्यों का भी नारियल फोड़कर शुभारंभ किया। ग्रीन बेल्ट में लगभग 15 लाख रुपये की लागत से लगाए जाने वाले ट्यूबवेल के कार्य का शुभारंभ किया। शुभारंभ के लिए लाल रंग का रिबन लगाया गया था। जिसको विधायक कैंची से काटने वाले थे। लेकिन जब विधायक मूलचंद शर्मा को कैंची नहीं मिली तो उन्होंने हाथ से ही रिबन को तोड़कर कार्य का शुभारंभ कर दिया।
बल्लभगढ़ सेक्टर 3 में गुरुग्राम कैनाल रोड के साथ से लेकर नाहर सिंह महल के सामने तक ग्रीन बेल्ट को सुंदर बनाने के लिए उसके सौंदर्यीकरण के कार्य का शिलान्यास किया। इसके अलावा उन्होंने सेक्टर तीन पुलिस चौकी रोड के साथ निकलने वाले नाले को भी आरएमसी से बनाने के कार्य का शुभारंभ किया गया । उन्होंने कहा कि बल्लभगढ़ सेक्टर 3 सबसे पुराना सेक्टर है और उसे सुंदर बनाने की दिशा में कार्य चल रहे है। सड़कों के चौड़ीकरण से लेकर पार्कों का सौंदर्यीकरण और नाले को पक्का करने का कार्य शुरू हो चुका है। इसके अलावा लगभग 3 करोड़ की लागत से नाले के निर्माण के कार्य का भी मुहूर्त किया। इस मौके पर राकेश त्यागी, नवीन चेची, बुद्धा सैनी, सुरेश कुमार आदि मौजूद रहे।