पीड़ित के घर के पास है शराब का ठेका, गेट के सामने पीने को लेकर हुआ था झगड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। ओल्ड फरीदाबाद सेक्टर-29 में घर के सामने शराब पीने से रोकने पर तीन शराबियों ने मकान मालिक को पीट दिया और उसकी पत्नी के कपड़े फाड़ दिए। इतना ही नहीं जाते समय 25 हजार रुपये भी लूटकर ले गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।
पीड़ित ने थाना ओल्ड फरीदाबाद में शिकायत दी है कि सोमवार रात सेक्टर-29 की मंडी से सब्जी लेकर घर आया था। घर के साथ में ही शराब का ठेका है। अक्सर लोग घर के सामने बैठकर शराब पीने लगते हैं। सोमवार रात घर के सामने कृष्णा मिस्त्री और दो तीन लड़के शराब पी रहे थे। पीड़ित ने कृष्णा को घर के सामने से जाने के लिए कहा, इस बात पर वह गुस्सा हो गया और साथियों के साथ मिलकर डंडे से हमला कर दिया। उसके साथ और लोग भी आ गए। शोर सुनकर पीड़ित की पत्नी व परिवार के लोग बाहर आ गए। आरोपियों ने पीड़ित के भाई व पत्नी के साथ भी मारपीट की और पत्नी के कपड़े फाड़ दिए। आसपास के लोगों को आता देख आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। आरोप है कि हमलावर उनके 25 हजार रुपये भी छीनकर ले गए। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पंहुची और आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। आसपास के लोगों का कहना है कि रिहायशी इलाके में शराब का ठेका होने के कारण लोगों का रहना मुश्किल हो गया है।