फरीदाबाद गुरूग्राम रोड हनुमान मंदिर के पास गेंहू से भरा ट्रक पलटा । संवाद
सड़क पर बिखरीं सैकड़ों बोरियां, आगे चल रहे कंटेनर को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। गुरुग्राम की ओर से सैनिक कॉलोनी जाने वाले मार्ग पर शनिवार सुबह गेहूं से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा बड़े हनुमान मंदिर की मूर्ति के पास बने ब्रेकर के पास हुआ। ट्रक पलटने से उसमें लदी गेहूं की सैकड़ों बोरियां सड़क पर बिखर गईं, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।
सूचना मिलने पर ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभाली। ट्रक चालक स्वराज ने बताया कि वह कुरुक्षेत्र के शाहाबाद से प्लास्टिक की बोरियों में भरा गेहूं लेकर फरीदाबाद की एक कंपनी में सप्लाई देने आ रहे थे। जब उनका ट्रक बड़े हनुमान मंदिर की मूर्ति के पास बने ब्रेकर के निकट पहुंचा तो आगे चल रहे एक कंटेनर ने अचानक ब्रेक लगा दिए। सामने वाले वाहन से टक्कर बचाने के लिए उन्होंने ट्रक को सड़क से नीचे कच्चे रास्ते की ओर मोड़ दिया। चालक के अनुसार ट्रक का पिछला दाहिना पहिया सड़क किनारे बने गड्ढे में चला गया। स्वराज ने बताया कि सामने वाले वाहन को बचाने के प्रयास में यह दुर्घटना हुई। यदि समय रहते ट्रक नहीं मोड़ा जाता तो टक्कर हो सकती थी। उन्होंने बताया कि हादसे में उन्हें कोई चोट नहीं आई और न ही किसी अन्य व्यक्ति को नुकसान पहुंचा। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना मिलने पर ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए।