फरीदाबाद। पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में शनिवार को सेक्टर-21सी स्थित पुलिस आयुक्त कार्यालय में कल्याण संगोष्ठी आयोजित की गई। इसमें पुलिसकर्मियों की ओर से रखे गए नौ सुझावों में से 80 प्रतिशत से अधिक का मौके पर ही समाधान किया गया। सुझावों में थानों और चौकियों में कुर्सी-मेज की व्यवस्था, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की नियुक्ति और भवनों की मरम्मत जैसे मुद्दे शामिल थे। पुलिस आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को बाकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई और पत्राचार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। संवाद