फरीदाबाद में सेक्टर 28 के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोहरे की तरह छाया स्मॉग। फोटो जोगेंद्र शर्म
- फोटो : 1
फरीदाबाद 347 एक्यूआई के साथ देशभर में सातवें जबकि बल्लभगढ़ 334 एक्यूआई के साथ प्रदूषित शहरों में 11वें स्थान पर रहा
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण कम होने का नाम नहीं ले रहा है। दिवाली बीतने के बाद भी हवा की गुणवत्ता में सुधार नहीं हो रहा है। अब फरीदाबाद का प्रदूषण स्तर बल्लभगढ़ से भी अधिक हो गया है। देश के सर्वाधिक प्रदूषित शहरों की सूची में फरीदाबाद 347 एक्यूआई के साथ सातवें स्थान पर पहुंच गया है, जबकि बल्लभगढ़ 334 एक्यूआई के साथ 11वें स्थान पर है। दोनों शहरों की हवा बेहद खराब श्रेणी में पहुंच चुकी है।
केंद्रीय प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड द्वारा शनिवार को जारी प्रदूषण के आंकड़ों के अनुसार बहादुरगढ़ 376 एक्यूआई के साथ देश का सबसे ज्यादा प्रदूषित शहर रहा। इसके बाद दिल्ली और मेरठ 367 एक्यूआई के साथ दूसरे स्थान पर रहे। हरियाणा के फतेहाबाद और हिसार में भी 358 एक्यूआई दर्ज किया गया। पंचगांव में प्रदूषण का स्तर 354 रहा। देश के सर्वाधिक प्रदूषित शहरों की सूची में हरियाणा के कई शहर शामिल हैं। देश भर के शहरों में बढ़ रहा एक्यूआई का स्तर यह दर्शाता है कि प्रदूषण की समस्या केवल फरीदाबाद और दिल्ली तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों में हवा की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है।
-
नगर निगम की टीमें लगातार कार्रवाई कर रहीं
प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए नगर निगम की टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। सड़कों की सफाई, धूल नियंत्रण, कूड़ा जलाने वालों पर निगरानी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान किए जा रहे हैं। इसके बावजूद प्रदूषण का स्तर कम नहीं हो रहा है। ऐसे में शहरवासियों को फिलहाल प्रदूषित हवा से राहत मिलती दिखाई नहीं दे रही है।
प्रदूषण मीटर
फरीदाबाद - 347
एनआईटी - 335
सेक्टर 11 - 312
सेक्टर 30 - 382
सेक्टर 16 - 339
बल्लभगढ़ - 334
पलवल - 165