आयोग ने पुलिस महानिदेशक को 11 जनवरी 2027 तक विस्तृत रिपोर्ट पेश करने को कहा
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। हरियाणा मानवाधिकार आयोग ने प्रदेश के सभी पुलिस थानों के मालखानों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के निर्देश दिए हैं। यह आदेश फरीदाबाद के सेक्टर-8 थाने से 32 लाइसेंसी हथियार चोरी होने की घटना के बाद आया है। आयोग ने पुलिस महानिदेशक को 11 जनवरी 2027 तक विस्तृत रिपोर्ट पेश करने को कहा है।
आयोग के सदस्य दीप भाटिया ने यह आदेश पंचकूला निवासी अधिवक्ता गीतांजलि की शिकायत पर दो नवंबर को सुनवाई के दौरान दिया। शिकायतकर्ता ने बताया था कि 32 लाइसेंस धारकों ने अपने हथियार सुरक्षा के लिए पुलिस को सौंपे थे। पुलिस की रिपोर्ट के अनुसार, मोनू नामक अप्रेंटिस को मालखाने से जुड़े काम सौंपे गए थे। जांच के बाद मोनू सहित 28 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और सभी 32 हथियार बरामद कर लिए गए हैं। मामले में छह अगस्त 2026 को अदालत में चालान भी पेश किया जा चुका है।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि अप्रेंटिस या किसी भी गैर-नियमित कर्मचारी की संवेदनशील सामान और हथियारों तक अनधिकृत पहुंच नहीं होनी चाहिए। आयोग के असिस्टेंट रजिस्ट्रार पुनीत अरोड़ा के अनुसार, पुलिस महानिदेशक को मालखानों की सुरक्षा, हथियारों तक पहुंच और निगरानी के नियमों की समीक्षा करने को कहा गया है। उन्हें व्यवस्थागत चूक का पता लगाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। मामले की अगली सुनवाई 11 जनवरी 2027 को गुरुग्राम में होगी।