जलभराव ने निगम की खोली पोल, हर तरफ भरा पानी
फरीदाबाद। शहर में रविवार को हुई बारिश से जगह-जगह जलभराव हो गया। कॉलोनियों में जलभराव होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हर कोई बारिश के पानी के बीच से पैदल गुजरने को मजबूर दिखा। इसके अलावा नेशनल हाईवे के किनारे पानी भरने से गाड़ियों की रफ्तार धीमी रही। वहीं नगर निगम के उन दावों की पोल खुल गई, जिसमें जलभराव को रोकने के लिए निगम ने बेहतर ड्रैनेज सिस्टम होने की बात कही गई थी।
शहर में सुबह पांच बजे से ही बूंदाबांदी शुरू हो गई थी। दोपहर 12 बजे के बाद बारिश ने रफ्तार पकड़ ली, जिसकी वजह से सड़क पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। जलभराव का असर बड़खल चौक, ओल्ड फरीदाबाद चौक, अजरौंदा चौक, बाटा चौक की सर्विस लेन पर देखने को मिला। इससे जाम की स्थिति देखने को मिली। जलभराव के बीच गाड़ियां रेंगती हुई नजर आईं। वहीं बारिश की वजह से डबुआ कॉलोनी, जवाहर कॉलोनी, भारत कॉलोनी, पर्वतिया कॉलोनी, हनुमान नगर, राहुल कॉलोनी, धीरज नगर, संतोष नगर, शिव एन्क्लेव, बसंतपुर कॉलोनी, पंचशील कॉलोनी, गांधी कॉलोनी रेलवे रोड आदि की गलियों में जलभराव हो गया। उधर, सेक्टर-7, 9, 16, 17, 19, 28, 29, 37 की कई सड़कों पर बरसाती पानी लबालब भरा नजर आया।
नाला भरने से फैली गंदगी
बारिश के बीच नाले का पानी मिल जाने से सड़कों से पैदल निकलने वालों को परेशानी उठानी पड़ी। दूषित पानी के बीच से निकलने के लिए हर कोई ऑटो व रिक्शे का सहारा ले रहा था। अजरौंदा मेट्रो के पास नेशनल हाईवे पर पानी इस कदर भरा था कि वहां से पैदल निकलना तक मुश्किल था।
बिजली कटौती से पानी की रही दिक्कत
बारिश के बीच एनआईटी के कुछ इलाकों में बिजली की कटौती देखने को मिली, जिसका असर कॉलोनियों में पानी आपूर्ति पर पड़ा। एनआईटी तीन, पल्ला, सेक्टर 28 और बड़खल के कुछ इलाकों में आंशिक रूप से पानी की आपूर्ति देखने को मिली। लोगों का कहना है कि उन्होंने टैंकर से पानी खरीद कर घरों में इस्तेमाल किया।
- बारिश की वजह से कुछ इलाकों में जलभराव की समस्या आई है, जिसके समाधान के लिए मौके पर निगम के कर्मचारियों को भेज दिया गया था। कुछ इलाकों में नाले की सफाई करवा जलभराव को खत्म करने का प्रयास किया जा रहा है।
- विरेंद्र कर्दम, मुख्य अभियंता, नगर निगम