संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। पेयजल आपूर्ति को लेकर परेशानी झेल रहे शहर के तीन क्षेत्रों के लिए नगर निगम ने टैंकरों से पानी पहुंचाने की तैयारी शुरू कर दी है। अचीवर्स सोसाइटी सेक्टर-49, अरावली विहार और सैनिक कॉलोनी के ए से जे ब्लॉक में पेयजल आपूर्ति के लिए निगम ने 5 हजार लीटर क्षमता वाले टैंकरों की व्यवस्था करने का टेंडर जारी किया है। तीनों क्षेत्र वार्ड-19 में शामिल हैं।
निगम के टेंडर के अनुसार, इन क्षेत्रों में पीने के पानी की आपूर्ति के लिए टैंकर लगाए जाएंगे। इस पर निगम की ओर से 28 लाख 3 हजार 500 रुपये की राशि खर्च की जाएगी। यह टेंडर 150 दिन के लिए लगाया गया है।
पानी सप्लाई करने वाली टैंकर कंपनी का चयन होने के बाद करीब पांच महीने तक इन क्षेत्रों में टैंकरों के माध्यम से पानी पहुंचाने की व्यवस्था रहेगी। विभाग की ओर से सोमवार से टेंडर प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है। 22 सितंबर तक विभाग की ओर से कंपनी के साथ करार होने की उम्मीद है।
टेंडर में प्रत्येक टैंकर की क्षमता 5 हजार लीटर रखी गई है। हालांकि, प्रतिदिन कितने टैंकर चलेंगे, प्रत्येक क्षेत्र में कितने चक्कर लगाए जाएंगे। इसका अभी स्पष्ट रूप से पता नहीं चल सका है। उम्मीद है कि कंपनी का चयन होने के बाद आपूर्ति का कार्यक्रम तय किया जाएगा।