- बारिश ने खोली नगर निगम की पोल, एक घंटे की बारिश में जगह-जगह भरा पानी
- दिल्ली-मथुरा रोड पर भी लगा जाम, सीवर उफान मारते दिखे
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। मंगलवार को फरीदाबाद में करीब एक घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश से जगह-जगह जलभराव हो गया। पानी भरने के कारण सबसे ज्यादा परेशानी दिल्ली-मथुरा रोड पर देखने को मिली, जहां जाम की स्थिति बन गई। हाईवे के दोनों तरफ वाहन चालकों को घंटों परेशान होना पड़ा। शहर के अंदरूनी इलाकों में भी पानी भरने से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। बारिश के दौरान और बाद में कई जगहों पर सीवर के ढक्कनों से पानी बाहर ओवरफ्लो होता दिखाई दिया। लोगों का कहना है कि फरीदाबाद का ड्रेनेज सिस्टम पूरी तरह फेल हो चुका है। निगम और प्रशासन भले ही नालों की सफाई के दावे कर रहा हो, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है।
स्कूल से घर जाने वाले बच्चों को हुई परेशानी
दोपहर 12 बजे के करीब हुई बारिश के बाद सड़कों पर पानी भर गया। वहीं स्कूल से छुट्टी के समय बारिश व सड़कों पर भरे पानी के कारण छात्रों को मजबूरन गंदे पानी से होकर निकलना पड़ा। वहीं बच्चों को लेने गए परिजन भी बारिश के गंदे पानी के कारण काफी परेशान दिखे। कुछ महिलाएं पैदल बच्चों को लेने गई थीं जो गंदे पानी में उतरकर बच्चों को घर ले जाती हुई दिखीं।
ड्रेनेज सिस्टम के साथ अतिक्रमण बन रहा कारण
थोड़ी सी बारिश होते ही शहर का ड्रेनेज सिस्टम फेल हो जाता है। सड़कों पर हुए जलभराव से बचने के लिए लोग सड़क किनारे चलते हैं लेकिन सड़कों के किनारे दोनों तरफ वाहन खड़े होने के साथ दुकानदारों ने अवैध अतिक्रमण कर रखा है। इसके कारण पैदल चलने वाले लोगों को मजबूरन सड़क के बीच में भरे पानी से गुजरना पड़ता है।
दिल्ली-मथुरा रोड बना तालाब
दिल्ली-मथुरा रोड नेशनल हाईवे पर एनआइटी चौक, सेक्टर-37 फ्लाईओवर के नीचे, बीके चौक, बाटा चौक समेत कई स्थानों पर सड़कें जलमग्न हो गईं। हाईवे पर फंसे वाहन चालकों को पानी के बीच से वाहन निकालने में खासी मशक्कत करनी पड़ी। कई दोपहिया वाहन बंद हो गए। जलभराव के चलते जाम की स्थिति बन गई। लोग ऑफिस और कामकाज के लिए देर तक सड़कों पर फंसे रहे।
सीवर सिस्टम ने दिया जवाब
बारिश के चलते जहां सड़कों पर पानी भर गया, वहीं कई जगहों पर मैनहोल ओवरफ्लो करते दिखाई दिए। सेक्टर 21 ए एंड बी, सेक्टर-16, सेक्टर-15, ओल्ड फरीदाबाद, एनआइटी, संजय कॉलोनी, बड़खल चौक, डबुआ कॉलोनी, पर्वतीय कॉलोनी, जवाहर कॉलोनी, सुभाष कॉलोनी में भी जलभराव की स्थिति बनी रही। कई घरों में सीवर का गंदा पानी घुस गया। लोगों को घरों से पानी निकालने में घंटों मशक्कत करनी पड़ी।
नगर निगम व एफएमडीए की सफाई व्यवस्था पर सवाल
निगम व एफएमडीए के अधिकारियों का कहना है कि नालों की सफाई की जा रही है, लेकिन हकीकत में नालों की हालत बहुत खराब है। जलभराव की मुख्य वजह नालों का ओवरफ्लो और ड्रेनेज सिस्टम का फेल होना है। प्रशासन की ओर से दावा किया जाता है कि बरसात से पहले सफाई का काम पूरा कर लिया गया है, लेकिन एक घंटे की बारिश में ही शहर की सड़कों पर पानी भर गया।
लोगों ने जताई नाराजगी
बारिश के कारण सड़कों पर पानी भरने के बाद लोगों को जाम का सामना करना पड़ा। दोपहर के समय अचानक हुई तेज बारिश के कुछ देर बाद ही सड़के तालाब बन गईं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल यही हाल होता है। अधिकारियों के पास सिर्फ कागजों पर काम करने का समय है, जमीनी स्तर पर कोई सुधार नहीं किया जाता।
प्रशासन ने कहा-जल्द होगी समस्या का समाधान
प्रशासन के अधिकारियों ने कहा कि जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए टीमें लगाई गई हैं। पानी की निकासी के लिए पंपिंग सेट लगाए जा रहे हैं। जल्द ही सड़कों से पानी निकाल दिया जाएगा। इसके साथ ही भविष्य में ऐसी स्थिति न बने, इसके लिए स्थायी समाधान की योजना बनाई जा रही है।