-बड़ी मात्रा में पेयजल हो रहा बर्बाद, सड़कों पर जमा हो रहा गंदा पानी, लोग परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर झिरका। शहर के वार्ड नंबर 11 स्थित गढ़ गेट के पास पिछले करीब दो सप्ताह से पानी की पाइपलाइन में लीकेज बनी हुई है। इससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार बह रहे पानी से न केवल बड़ी मात्रा में पेयजल व्यर्थ हो रहा है, बल्कि सड़क पर गंदा पानी जमा होने से राहगीरों और वाहन चालकों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। लोगों को इस रास्ते से गुजरते समय विशेष सावधानी बरतनी पड़ रही है।
स्थानीय निवासी मनोज जैन, गजेश, नीरज पाहूजा, सुनील बंसल, सुरेंद्र जैन और मोहित गोयल ने बताया कि कुछ समय पहले जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने पाइपलाइन मरम्मत के लिए यहां खुदाई करवाई थी। आरोप है कि काम पूरा होने के बाद गड्ढे को सही तरीके से नहीं भरा गया। इसी बीच पानी से भरा एक टैंकर गड्ढे में धंस गया, जिससे पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई और लीकेज शुरू हो गई। लीकेज के कारण गंदा पानी पाइपलाइन में मिलने का खतरा भी बना हुआ है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को कई बार शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। वार्ड पार्षद महेंद्र कौशिक और पूर्व मार्केट कमेटी अध्यक्ष सुनील जैन ने विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए इसे गंभीर लापरवाही बताया। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द समाधान नहीं होने पर प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और मंत्री रणबीर गंगवा को शिकायत सौंपेगा। इस संबंध में कनिष्ठ अभियंता महबूब खान ने कहा कि शिकायत मिल चुकी है और लीकेज जल्द ठीक करवा दी जाएगी।