फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Faridabad News: जलसंकट गहराया, कोर्ट मोहल्ले के कुम्हारवाड़े में करीब पांच दिन से नहीं आ रहा पानी

विज्ञापन
विज्ञापन
भीषण गर्मी में पेयजल संकट से लोग परेशान, शिकायत के बावजूद समाधान नहीं, टैंकरों पर निर्भरता बढ़ी
विज्ञापन


संवाद न्यूज एजेंसी



पलवल। बढ़ती गर्मी के बीच शहर में पेयजल संकट गंभीर होता जा रहा है। वार्ड नंबर 29 स्थित कोर्ट मोहल्ले के कुम्हारवाड़े में पिछले पांच दिनों से पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप है, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थिति यह है कि लोगों को दूर-दराज से बाल्टियों और मटकों में पानी ढोकर लाना पड़ रहा है, जबकि कई परिवारों को मजबूरी में पैसे देकर टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि लगातार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया है। लोगों ने आरोप लगाया कि उन्होंने कई बार संबंधित जेई को फोन कर सूचना दी लेकिन अधिकांश बार फोन रिसीव नहीं किया गया। जब कभी फोन उठा भी लिया गया तो उन्हें जल्द समस्या ठीक करने का आश्वासन देकर टाल दिया गया, लेकिन पांच दिन बीत जाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। गर्मी के इस मौसम में पानी की कमी ने लोगों की दिनचर्या प्रभावित कर दी है। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द जलापूर्ति बहाल करने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है, ताकि भीषण गर्मी में लोगों को राहत मिल सके।
विज्ञापन


स्थानीय लोगों से बातचीत -

पिछले पांच दिन से पानी नहीं आ रहा है। सुबह से लेकर शाम तक सिर्फ पानी के इंतजाम में ही समय निकल जाता है। कई बार शिकायत की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। -रमेश, कोर्ट मोहल्ला, कुम्हारवाड़ा

घर में पानी न होने से बहुत दिक्कत हो रही है। बच्चों को स्कूल भेजना और घर का काम दोनों मुश्किल हो गया है। टैंकर मंगवाना पड़ रहा है, जिससे खर्च बढ़ गया है। -सविता देवी, कोर्ट मोहल्ला, कुम्हारवाड़ा
विज्ञापन


इस गर्मी में पानी के बिना रहना बहुत मुश्किल है। अधिकारी फोन नहीं उठाते और जो उठाते हैं वे सिर्फ आश्वासन देते हैं। -ओमप्रकाश, कोर्ट मोहल्ला, कुम्हारवाड़ा

हमने कई बार शिकायत की है लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ। लगता है समस्या को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा। -सोनू, कोर्ट मोहल्ला, कुम्हारवाड़ा
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें