फरीदाबाद। संदीप उर्फ काला गैंग के बदमाशों ने शनिवार को पुलिस सुरक्षा की पोल खोलकर रख दी। शनिवार सुबह से ही पुलिस सुरक्षा को लेकर हाई अलर्ट पर थी। कई जगह नाकेबंदी थी। दरअसल शहर मेें राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से लेकर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल, राज्यपाल सत्यदेव आर्य के अलावा उज्बेकिस्तान के ब्रांड एंबेसडर समेत कई वीवीआईपी सूरजकुंड मेले के उद्घाटन में शामिल हुए थे। राष्ट्रपति के साथ ही उनकी पत्नी और देश की प्रथम महिला सविता कोविंद भी थीं। सुरक्षा के लिए कई जिलों के पुलिस बल समेत पुलिस महानिरीक्षक भी मौजूद थे। इसके बावजूद संदीप उर्फ काला गैंग के बदमाश अपनी कारों में पिस्टल और कारतूसों का जखीरा लेकर घूमते रहे और वारदात को अंजाम दिया।
शनिवार को सूरजकुंड मेला का उद्घाटन करने पहुंचे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की सुरक्षा को लेकर पुलिस सूरजकुंड क्षेत्र में चप्पे-चप्पे पर तैनात थी। इस बीच संदीप उर्फ काला गैंग के बदमाशों ने पुलिस के सुरक्षा चक्रव्यूह को भेद कर पाली चौकी क्षेत्र में फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड पर सुरक्षा में सेंध लगा कर बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया। दिन-दहाड़े पुलिस के कैदी वाहन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दो बदमाशों को छुड़ा कर भाग निकले। इस वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारियों के पसीने छूटने लगे। घटना के समय सूरजकुंड मेला के उद्घाटन समारोह से काफी संख्या में वीआईपी व वीवीआईपी गुरुग्राम व दिल्ली की तरफ निकल रहे थे। तुरंत पुलिस व क्राइम ब्रांच की टीम को बदमाशों के पीछे लगाया गया। भले ही बाद में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक फरार बदमाश धनसिंह उर्फ काजू समेत तीन को धर दबोचा, मगर संदीप उर्फ काला अपने बाकी साथियों के साथ फरार हो गया।
दिल्ली से फरार चल रहा था नरेश सेट्ठी
पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार बदमाश नरेश उर्फ सेट्ठी दिल्ली पुलिस की हिरासत से करीब एक माह पहले फरार हो गया था। दिल्ली पुलिस नरेश पर इनाम की घोषणा भी कर चुकी है। संदीप उर्फ काला भी पूर्व में एक लाख का इनामी रह चुका है। उसकी फरारी के बाद पुलिस अब फिर से उस पर इनाम घोषित कर सकती है। पुलिस आयुक्त केके राव ने बताया कि नरेश दिल्ली पुलिस की कस्टडी से फरार होने के बाद करीब 50 से अधिक लोगों से फिरौती की मांग कर चुका है। झज्जर पुलिस भी उसे तलाश कर रही थी।
संदीप उर्फ काला की तलाश में जंगल छान रही पुलिस
कुख्यात संदीप उर्फ काला की फरारी के बाद से ही पुलिस की कई टीमें अब अरावली के जंगल और आसपास के गांवों को छान रही है। बदमाशों की तलाश के लिए आसपास के जिलों की पुलिस को भी सतर्क कर दिया गया है।
पुलिस टीम को दस लाख का इनाम
मुठभेड़ के बाद तीन बदमाशों को पकड़ने वाली पुलिस टीम को दस लाख रुपये की पुरस्कार राशि देने की घोषणा की गई है। पुलिस आयुक्त केके राव ने बताया कि पांच लाख रुपये फरीदाबाद पुलिस के तरफ से दी जाएगी। जबकि डीजीपी मनोज यादव ने भी पुलिस टीम को पांच लाख रुपये की पुरस्कार राशि देने की घोषणा की है।