अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। जिला प्रशासन फरीदाबाद की ओर से आपदा प्रबंधन और नागरिक सुरक्षा के दृष्टिकोण से ऑपरेशन शील्ड के तहत एक व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। शनिवार सुबह 11 बजे ये कार्यक्रम सेक्टर-12 स्थित एचएसवीपी कन्वेंशन हॉल में हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य नव पंजीकृत नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों, एनएसएस (राष्ट्रीय सेवा योजना), एनसीसी (नेशनल कैडेट कोर) के स्वयंसेवकों, पंजीकृत पूर्व सैनिकों तथा अन्य संबंधित प्रतिभागियों को आपदा के समय प्रभावी प्रतिक्रिया देने हेतु प्रशिक्षण प्रदान करना था।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) सतबीर मान ने की। कार्यक्रम में उपस्थित स्वयंसेवकों को प्रशिक्षकों द्वारा विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों जैसे प्राथमिक चिकित्सा, अग्निशमन, भीड़ प्रबंधन, आपदा के समय लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाना, राहत एवं बचाव कार्यों में भागीदारी और संकट के समय प्रशासन को सहयोग देने जैसे व्यवहारिक पहलुओं पर प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षकों ने सभी प्रतिभागियों को बताया कि किसी भी आपदा के समय “ पहली प्रतिक्रिया ” देने वाले लोग ही अधिकतम जीवन बचाने में सक्षम होते हैं। इसीलिए, स्वयंसेवकों को मानसिक और शारीरिक रूप से तैयार रहना अत्यंत आवश्यक है। मॉक ड्रिल में स्वयंसेवकों की भूमिका का मूल्यांकन किया गया और उन्हें सुधार के सुझाव भी दिए गए।