थकान और भूलने की समस्या को न करें नजरअंदाज
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। लगातार थकान रहना, छोटी-छोटी बातें भूलना, हाथ-पैरों में झनझनाहट होना या बिना वजह चिड़चिड़ापन महसूस करना केवल उम्र बढ़ने या काम के दबाव का असर नहीं है। शरीर में विटामिन बी-12 की कमी भी इसकी वजह हो सकती है। बीके अस्पताल की ओपीडी में हर रोज इस तरह की स्वास्थ्य समस्याओं के साथ रोजाना करीब 15 महिलाएं पहुंच रही हैं।
चिकित्सकों के अनुसार, 40 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं में यह समस्या अधिक देखने को मिल रही है। गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं को भी विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। बीके अस्पताल की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अरुणा के अनुसार, विटामिन बी-12 शरीर में लाल रक्त कोशिकाओं के निर्माण और तंत्रिका तंत्र के सामान्य कामकाज के लिए जरूरी है। इसकी कमी होने पर महिलाओं को अत्यधिक थकान, कमजोरी, चक्कर आने, सांस फूलने और हाथ-पैर सुन्न होने जैसी परेशानियां हो सकती हैं। लंबे समय तक कमी रहने पर चलने में संतुलन बनाने और याददाश्त से जुड़ी समस्याएं भी सामने आ सकती हैं।
शारीरिक ही नहीं, मानसिक सेहत पर भी असर
डॉ. अरुणा के अनुसार, विटामिन बी-12 की कमी का असर मानसिक स्वास्थ्य पर भी पड़ सकता है। कुछ महिलाओं में चिड़चिड़ापन, ध्यान केंद्रित करने में परेशानी, उदासी और सोचने-समझने में दिक्कत जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। मुंह में छाले, जीभ में सूजन या उसका लाल और चिकना होना भी इसकी कमी के संकेत हो सकते हैं। हालांकि, ये लक्षण दूसरी बीमारियों में भी दिखाई दे सकते हैं, इसलिए केवल इनके आधार पर बी-12 की कमी मान लेना उचित नहीं है।
खानपान में शामिल करें बी-12 से भरपूर चीजें
चिकित्सकों के अनुसार, महिलाओं को अपने भोजन में दूध, दही, पनीर और विटामिन बी12 से फोर्टिफाइड खाद्य पदार्थ शामिल करने चाहिए। शाकाहारी महिलाओं को अपने आहार पर विशेष ध्यान देना चाहिए। लगातार थकान, सुन्नपन या याददाश्त संबंधी परेशानी होने पर चिकित्सक की सलाह से जांच करानी चाहिए। जरूरत पड़ने पर डॉक्टर सप्लीमेंट या अन्य उपचार की सलाह दे सकते हैं। समय पर कमी की पहचान होने से गंभीर समस्याओं से बचाव में मदद मिल सकती है।