अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। प्रदेश सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित 20 जून तक चलाए जा रहे व्यापक प्रचार अभियान के तहत जिले की ग्राम पंचायतों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। उपायुक्त आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान के दौरान गांवों में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
अभियान के तहत ग्राम सचिवालय, पंचायत घर, सरकारी स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों, कचरा शेड और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। साथ ही ग्रामीणों को कचरा निर्धारित स्थान पर डालने और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
सीईओ जिला परिषद शिखा ने कहा कि स्वच्छता स्वस्थ और समृद्ध समाज की आधारशिला है। पिछले वर्षों में चलाए गए स्वच्छता अभियानों ने लोगों में जागरूकता बढ़ाने का कार्य किया है, लेकिन इसकी वास्तविक सफलता तभी संभव है जब आमजन इसे अपनी जिम्मेदारी मानते हुए सक्रिय भागीदारी निभाएं।
उन्होंने बताया कि जिले की ग्राम पंचायतों में 20 जून तक विशेष सफाई अभियान संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य पंचायत क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को मजबूत करना और ग्रामीणों को स्वच्छ वातावरण के प्रति प्रेरित करना है।