फरीदाबाद। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता विकास चौधरी की हत्या की जांच में जुटी विशेष जांच दल (एसआईटी) भोंडसी जेल में बंद कौशल के खास गुर्गे अमित डागर को प्रोडक्शन वारंट पर लेगी। जेल से बाहर रहने के दौरान अमित ही कौशल का सारा काम संभालता है और उगाही करता था। पुलिस सूत्रों के अनुसार कौशल ने विकास चौधरी की हत्या को लेकर भी अपने गुर्गों से बात की थी।
विगत 27 जून को कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता विकास चौधरी की सेक्टर-9 मार्केट में जिम के बाहर गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। हत्याकांड की जांच में जुटी पुलिस को पता चला था कि विकास चौधरी की हत्या के पीछे गुरुग्राम के गैंगस्टर कौशल का हाथ है। पुलिस ने कौशल की पत्नी रोशनी और नौकर चांद को गिरफ्तार कर लिया था। चांद ने पुलिस को बताया कि विकास की हत्या के लिए उसने विकास उर्फ माले को कौशल के कहने पर हथियार उपलब्ध करवाए थे।
पुलिस कौशल के गैंग का सफाया करने में जुटी है। ऐसे में पुलिस को उम्मीद है कि कौशल और गैंग के बाकी सदस्यों के बारे में अमित से काफी जानकारी मिल सकती है। कौशल किस देश में बैठा है, अमित को इसकी भी जानकारी है। ऐसे में पुलिस जल्द ही उसे प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ करेगी।